ABHA App Registration : राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य मिशन (ABHA Health ID) के तहत नागरिकों को आधुनिक डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिले में आभा आईडी बनाने के लिए लोगों को लगातार प्रेरित किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को सुरक्षित और डिजिटल स्वरूप में संरक्षित करना है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी से प्राप्त किया जा सके।
इस व्यवस्था के तहत नागरिकों का पूरा स्वास्थ्य डेटा सुरक्षित रहेगा और इलाज के समय डॉक्टरों को मरीज की पिछली स्वास्थ्य जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सकेगी। इसी दिशा में आभा आईडी (ABHA Health ID) को एक महत्वपूर्ण डिजिटल माध्यम के रूप में विकसित किया गया है।
जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में नागरिकों के लिए आभा आईडी बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और मितानिन भी घर-घर जाकर लोगों को इस योजना के बारे में जानकारी दे रहे हैं और पंजीयन प्रक्रिया में सहयोग कर रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को आभा आईडी (ABHA Health ID) से जोड़कर डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
ये भी पढ़े : PM Surya Ghar Yojana Scam : किसानों से कागज-ओटीपी लेकर सोलर किट में खेल! अब अन्नदाता खोलेंगे मोर्चा
मोबाइल से भी बना सकते हैं आभा आईडी
नागरिक चाहें तो स्वयं भी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से कुछ ही मिनटों में आभा आईडी बना सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने मोबाइल में आधार कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस की मदद से पंजीयन करना होगा। मोबाइल के जरिए पंजीयन की सुविधा मिलने से लोगों को किसी कार्यालय या अस्पताल में बार-बार जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इसके लिए सबसे पहले मोबाइल के प्ले स्टोर से आभा ऐप (ABHA App) या आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करना होगा। दोनों ऐप भारत सरकार की नेशनल हेल्थ अथॉरिटी द्वारा संचालित डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े हुए हैं। इन ऐप के माध्यम से नागरिक आसानी से आभा आईडी (ABHA Health ID) बनाकर अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप में सुरक्षित रख सकते हैं।
ऐसे करें आभा आईडी के लिए पंजीकरण
आभा आईडी बनाने की प्रक्रिया बेहद सरल है। सबसे पहले अपने मोबाइल में प्ले स्टोर खोलें और आभा ऐप (ABHA App) या आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करें। इसके बाद ऐप को खोलकर “Create ABHA ID” या “Create Health ID” विकल्प पर क्लिक करें।
इसके बाद आधार नंबर या मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। पंजीयन के दौरान मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करना होगा। इसके बाद अपनी व्यक्तिगत जानकारी जैसे नाम, जन्मतिथि और अन्य विवरण की पुष्टि करनी होगी। पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 अंकों की यूनिक आभा आईडी (ABHA Health ID) तैयार हो जाती है, जिसे डाउनलोड करके सुरक्षित रखा जा सकता है।
ABHA Health ID स्वास्थ्य रिकॉर्ड रहेंगे सुरक्षित
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय खोबरागड़े ने बताया कि आभा आईडी एक 14 अंकों की यूनिक हेल्थ आईडी होती है, जिसके माध्यम से किसी व्यक्ति के स्वास्थ्य से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां डिजिटल रूप में सुरक्षित रखी जा सकती हैं। इसमें मरीज की जांच रिपोर्ट, उपचार का विवरण, दवाइयों की जानकारी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड शामिल रहते हैं।
ये भी पढ़े : इंतजार खत्म…! इस दिन किसानों के खातों में आएगी पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त
उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को किसी दूसरे अस्पताल या शहर में इलाज कराना पड़ता है, तो डॉक्टर इस आभा आईडी (ABHA Health ID) के माध्यम से मरीज के स्वास्थ्य रिकॉर्ड को तुरंत देख सकते हैं। इससे डॉक्टरों को मरीज की स्थिति समझने में आसानी होती है और बेहतर व त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।
नागरिकों से आभा आईडी बनाने की अपील
मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी कलेक्टर तुलिका प्रजापति और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय खोबरागड़े ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए जल्द से जल्द अपनी आभा आईडी (ABHA Health ID) बनवाएं। उन्होंने कहा कि नागरिक अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, क्षेत्र के स्वास्थ्य कार्यकर्ता या मितानिन से संपर्क कर पंजीयन करवा सकते हैं।
प्रशासन का मानना है कि यदि अधिक से अधिक लोग इस पहल से जुड़ेंगे, तो जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और मरीजों को इलाज के दौरान बेहतर सुविधा मिल सकेगी। डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड की यह व्यवस्था भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Discover more from RAJDHANI TIMES CG
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



