रायगढ़

रायगढ़ में यात्री बसों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 45 बसों से ₹1.14 लाख वसूले; बिना फिटनेस-टैक्स की बस जब्त

रायगढ़। जिले में यात्री बसों के सुरक्षित एवं नियमों के अनुरूप संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला परिवहन विभाग द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले में संचालित यात्री बसों की जांच के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की गई। विभाग ने कुल 45 बसों से 1 लाख 14 हजार 100 रुपये का जुर्माना वसूल किया है। वहीं, बिना फिटनेस और टैक्स के संचालित हो रही एक बस को जब्त कर लिया गया है।
जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय, रायगढ़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान यात्री बसों में अधिक किराया वसूली, किराया सूची का नहीं होना, अग्निशामक यंत्र की अनुपलब्धता, क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाना, परमिट की शर्तों का उल्लंघन, कंडक्टर लाइसेंस एवं ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित कमियों सहित विभिन्न नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए। इन मामलों में नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।


बसों की छत पर सामान ढोने वालों पर भी कार्रवाई
जांच के दौरान बसों के ऊपरी हिस्से में सामान (लगेज) ले जाने तथा खतरनाक तरीके से बसों का संचालन करने के मामलों को भी गंभीरता से लिया गया। ऐसे मामलों में संबंधित धाराओं के तहत कुल 22 हजार रुपये का चालान किया गया।
यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जांच अभियान
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य यात्री बसों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करना और परिवहन नियमों का पालन कराना है। बसों में अग्निशामक यंत्र, वैध दस्तावेज, निर्धारित यात्री क्षमता और परमिट की शर्तों का पालन यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
विभाग द्वारा की जा रही इस कार्रवाई से बस संचालकों को नियमों का पालन करने तथा यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button