रायगढ़, 08 अक्टूबर 2026 रायगढ़ जिले के लैलूंगा पुलिस ने शादी का प्रलोभन देकर युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोपी विशाल भगत उम्र 24 वर्ष को शिकायत प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार(Police arrest accused )कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
मामले के संबंध में स्थानीय 21 वर्षीय युवती द्वारा बुधवार को थाना लैलूंगा में आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह गांव के विशाल भगत को करीब दो वर्षों से जानती-पहचानती है। आरोपित द्वारा गांव में उससे लुक-छिपकर मुलाकात की जाती थी तथा उसने युवती से शादी कर पत्नी बनाकर साथ रखने का वचन दिया था। युवती के अनुसार दिनांक 01 जनवरी 2025 को आरोपित रात्रि में उसके घर आया और दोनों के पति-पत्नी की तरह जीवन यापन करने की बात कहकर उसे बहला-फुसलाकर शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद शादी कर पत्नी बनाकर साथ रखने का भरोसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। युवती ने वर्तमान में आरोपित से गर्भवती होने की बात भी रिपोर्ट में बताई तथा आरोपित द्वारा अब शादी करने एवं पत्नी बनाकर रखने से इनकार करने पर अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। शिकायत पर थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 312/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा तत्काल पुलिस टीम के साथ आरोपित के गांव में दबिश देकर ( Police arrest accused) उसे हिरासत में लिया गया और थाना लाकर पूछताछ की गई। विवेचना के दौरान आरोपित के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।











