रायगढ़

संजय मार्केट में चला स्वच्छता का महाअभियान, महापौर से लेकर व्यापारियों तक ने किया श्रमदान

रायगढ़। सेवा ही संकल्प अभियान के तहत निगम प्रशासन द्वारा आज संजय मार्केट में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा संजय मार्केट के व्यवसायियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए श्रमदान किया। सभी ने हाथों में झाड़ू, रांपा, तसला सहित अन्य सफाई उपकरण लेकर मार्केट परिसर और आसपास की गलियों में व्यापक साफ-सफाई की।

अभियान के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान ने स्वयं हाथ ठेला संभालते हुए संजय मार्केट की विभिन्न गलियों का भ्रमण किया और व्यवसायिक संस्थानों के सामने एवं आसपास पड़े कचरे को एकत्रित कर परिवहन के लिए भेजा। इसी तरह सभापति श्री डिग्री लाल साहू ने तसला उठाकर गलियों में पड़े कचरे को एकत्रित किया। एमआईसी सदस्यों, पार्षदों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों-कर्मचारियों और व्यापारियों ने भी श्रमदान करते हुए मार्केट परिसर को स्वच्छ बनाने में सहभागिता निभाई।
अभियान के दौरान निगम की टीम ने संजय मार्केट के व्यवसायियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि दुकान एवं व्यवसायिक संस्थान बंद करने के बाद कचरा सड़क, नाली या सार्वजनिक स्थान पर न फेंकें। अपने संस्थान में डस्टबिन रखें और एकत्रित कचरे को निगम के स्वच्छता वाहनों को ही दें। कचरा कहीं भी खुले में फेंकने से न केवल गंदगी फैलती है, बल्कि नालियां जाम होने और संक्रमण की स्थिति बनने की भी संभावना रहती है।
व्यापारियों से सिंगल यूज प्लास्टिक छोड़ने की अपील
निगम की टीम ने व्यवसायियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा दुकानों पर आने वाले ग्राहकों को भी प्लास्टिक की सामग्री नहीं देने की अपील की। साथ ही सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2026 के अनुरूप कचरे का उचित प्रबंधन करने, दुकानों में अलग-अलग डस्टबिन रखने और गीला-सूखा सहित अन्य प्रकार के कचरे को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार निगम के स्वच्छता वाहनों को देने के लिए समझाइश दी गई।
अभियान के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखना केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें व्यवसायियों, नागरिकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी आवश्यक है।


नियमों का उल्लंघन करने पर होगी चालानी कार्रवाई
निगम की टीम ने व्यवसायियों को समझाइश देते हुए यह भी बताया कि बार-बार समझाइश के बावजूद सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकने, प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने अथवा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार चालानी एवं अन्य कार्रवाई की जाएगी। निगम का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि व्यापारियों और नागरिकों को स्वच्छता की स्थायी व्यवस्था से जोड़ना है।
व्यापारियों ने कहा—स्वच्छता अभियान में निगम का पूरा सहयोग करेंगे
संजय मार्केट के व्यवसायियों ने भी निगम के सेवा ही संकल्प अभियान का पूर्ण समर्थन करते हुए मार्केट परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में निगम के साथ सहयोग करने की बात कही। व्यवसायियों ने कहा कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों में डस्टबिन रखने तथा अन्य दुकानदारों और पसरा संचालकों को भी डस्टबिन का उपयोग करने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही दुकान और पसरा संचालन के दौरान निकलने वाले कचरे को सड़क या नाली में नहीं डालने तथा निगम के स्वच्छता वाहनों को ही देने के लिए सभी को जागरूक किया जाएगा।

WhatsApp Image 2026-07-14 at 21.10.16 (1)
WhatsApp Image 2026-07-14 at 21.10.16
Apex-hospital

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button