चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का अलर्ट: रायगढ़ जिले के सभी स्कूलों में कल छुट्टी, जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश

रायगढ़। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रायगढ़ जिले में 29 अक्टूबर, गुरुवार को सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मौसम विभाग से मिले इनपुट के आधार पर चक्रवाती तूफान के प्रभाव और अतिवृष्टि की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा अवकाश संबंधी आदेश जारी किया गया है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के अनुमोदन से जारी इस आदेश के तहत जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालय गुरुवार को बंद रहेंगे।
प्रशासन का उद्देश्य खराब मौसम के दौरान विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में होने वाली संभावित परेशानियों से बचाना और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जिला शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
खराब मौसम को देखते हुए एहतियाती कदम
चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव और भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर जिला प्रशासन ने यह एहतियाती कदम उठाया है, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।











