राजनीति

Baramkela News  : बरमकेला जनसमस्या शिविर में अधिकारियों के ‘गोल-मोल’ जवाब पर भड़के जनप्रतिनिधि, तीखी नोकझोंक

Sarangarh Bilaigarh News : सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला (Baramkela News) में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर उस समय हंगामे की भेंट चढ़ गया जब अपनी ‘कागजी’ पीठ थपथपा रहे शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों ने आड़े हाथों लिया। मंच पर उपलब्धियों का बखान कर रहे अधिकारियों को तब सन्न होना पड़ा जब जनता और जनप्रतिनिधियों ने भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं की पोल खोलनी शुरू कर दी।

प्रभार का ‘खेल’ और ‘कमाई’ का जरिया बना तबादला

शिविर (Baramkela News) में उस समय तनाव बढ़ गया जब जनप्रतिनिधि रामकृष्ण नायक ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) जे.आर. डहरिया को सीधे सवालों के कटघरे में खड़ा किया। नायक ने आरोप लगाया कि जब बरमकेला ब्लॉक में एबीईओ (ABEO) जैसे योग्य अधिकारी मौजूद हैं, तो दूसरे ब्लॉक (सारंगढ़) के अधिकारी को यहाँ बीईओ (BEO) का प्रभार क्यों दिया जा रहा है? उन्होंने तीखा हमला करते हुए कहा कि स्कूलों में ‘व्यवस्था’ के नाम पर शिक्षकों को ताश के पत्तों की तरह यहाँ से वहाँ फेंटा जा रहा है, जो विभाग के लिए मोटी कमाई का जरिया बन चुका है। डीईओ के गोल-मोल जवाबों ने आग में घी डालने का काम किया।

जनप्रतिनिधि बनाम अफसरशाही

शिविर (Baramkela News) में उस समय ड्रामा और बढ़ गया जब जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन ने जनप्रतिनिधि को टोकने की कोशिश की। बर्मन ने कहा कि आप प्रशासनिक अधिकारियों से ऐसे सवाल नहीं कर सकते। इस पर रामकृष्ण नायक ने पलटवार करते हुए उन्हें आईना दिखाया और कहा— “यह जनता का शिविर है, हम जनप्रतिनिधि हैं और जनता के मुद्दे उठाना हमारा अधिकार है। आप हमें रोक नहीं सकते, अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश न करें।” इस जवाब के बाद सीईओ को चुप्पी साधनी पड़ी।

कलेक्टर के आते ही बदले सुर Baramkela News

दोपहर बाद जब नवपदस्थ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू शिविर में पहुंचीं, तब जाकर मामला शांत हुआ। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय नायक ने कलेक्टर के समक्ष क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से रखा। कलेक्टर ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिविर में आए सभी 542 आवेदनों के त्वरित और उचित निराकरण के सख्त निर्देश दिए।

शिक्षा विभाग की साख पर सवाल

शिविर (Baramkela News) में हुए इस हंगामे ने शिक्षा विभाग के भीतर चल रही प्रशासनिक उठापटक को सार्वजनिक कर दिया है। जहां एक ओर अधिकारी अपनी सफलता के दावे कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के आरोपों ने विभाग की पारदर्शिता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। शिविर में जनपद अध्यक्ष डॉ. विद्यावती चौहान, अभिलाषा नायक सहित भारी संख्या में ग्रामीण और सरपंच मौजूद रहे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button