Kinetic DX Plus : 31 रुपये में चलेगा 132KM, नए बैटरी वेरिएंट के साथ लॉन्च हुआ धांसू स्कूटर
Kinetic DX Plus इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने वालों के लिए काइनेटिक ने नया विकल्प पेश किया है। कंपनी ने डीएक्स प्लस में 3.1kWh बैटरी वाला नया वेरिएंट लॉन्च किया है। इसकी दावा की गई रेंज 132 किलोमीटर है। वहीं, 10 रुपये प्रति यूनिट की दर से पूरी बैटरी चार्ज करने पर करीब 31 रुपये का खर्च आएगा।

132KM की रेंज मिलेगी
काइनेटिक ने अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर पोर्टफोलियो में नया डीएक्स प्लस वेरिएंट जोड़ा है। नया काइनेटिक डीएक्स प्लस स्कूटर (Kinetic DX Plus) 3.1kWh बैटरी के साथ आता है। यह कंपनी के पोर्टफोलियो में सबसे ज्यादा रेंज देने वाला स्कूटर है।
इससे पहले डीएक्स प्लस में 2.6kWh बैटरी का विकल्प मिलता था। नई 3.1kWh बैटरी के कारण स्कूटर की दावा की गई आईडीसी रेंज 132 किलोमीटर तक पहुंच गई है। कंपनी ने ज्यादा रेंज देने के लिए केवल बैटरी की क्षमता नहीं बढ़ाई, बल्कि मोटर को भी डीट्यून किया है।

Kinetic DX Plus मोटर की पावर हुई कम
नए मॉडल में 3.8kW की पीक पावर वाली मोटर दी गई है। पुराने डीएक्स वेरिएंट में 4.78kW की पीक पावर वाली मोटर मिलती है। पावर कम करने का सीधा असर रेंज पर पड़ा है और कंपनी के अनुसार इससे स्कूटर की रेंज करीब 27 किलोमीटर तक बढ़ी है।
नए काइनेटिक डीएक्स प्लस मॉडल (Kinetic DX Plus) में रेंज और पावर के दो मोड दिए गए हैं। इसमें टर्बो मोड नहीं मिलेगा, जबकि डीएक्स के बेस वेरिएंट में टर्बो मोड दिया गया है। कंपनी ने नए मॉडल में तेज रफ्तार से ज्यादा लंबी दूरी और बेहतर रेंज पर फोकस किया है।
37 लीटर का बूट स्पेस
फीचर्स की बात करें तो नए वेरिएंट में मेटैलिक बॉडी और एलईडी लाइटिंग दी गई है। इसमें 8.8 इंच का एलसीडी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 37 लीटर का बूट स्पेस और कीलेस गो फीचर मिलता है। इसके अलावा पासवर्ड आधारित इग्निशन, क्रूज कंट्रोल और फ्रंट डिस्क ब्रेक जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
काइनेटिक डीएक्स प्लस स्कूटर (Kinetic DX Plus) को लाल, नीले, काले, ग्रे और सफेद रंग में खरीदा जा सकेगा। कंपनी ने इसे ज्यादा रेंज चाहने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर पेश किया है।

यह भी पढ़ें…Triple Baby Birth Balrampur : पहाड़ी कोरवा महिला ने एक साथ तीन बच्चों को दिया जन्म
31 रुपये में फुल चार्ज
3.1kWh बैटरी को अगर 10 रुपये प्रति यूनिट की बिजली दर से चार्ज किया जाए तो पूरी बैटरी चार्ज करने में करीब 31 रुपये का खर्च आएगा। यह गणना घरेलू बिजली की दर के आधार पर है। वास्तविक खर्च आपके क्षेत्र की बिजली दर और चार्जिंग के दौरान होने वाली ऊर्जा खपत के अनुसार अलग हो सकता है।
लंबी रेंज वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर (Kinetic DX Plus) में यह कम चार्जिंग लागत रोजाना सफर करने वाले ग्राहकों के लिए खास हो सकती है। हालांकि वास्तविक रेंज सड़क, ट्रैफिक, राइडिंग स्टाइल, वजन और मौसम जैसी परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।
यह भी पढ़ें…Fish Poultry Farming Jashpur : तालाब के ऊपर मुर्गी पालन, नीचे मछली, युवा किसान ने बनाया कमाई का मॉडल

कीमत 1.27 लाख रुपये
काइनेटिक डीएक्स के 2.6kWh बैटरी वाले वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 1,11,499 रुपये है। वहीं डीएक्स प्लस के 2.6kWh बैटरी वाले वेरिएंट की शुरुआती कीमत 1,21,174 रुपये है।
नए 3.1kWh बैटरी वाले काइनेटिक डीएक्स प्लस वेरिएंट (Kinetic DX Plus) की एक्स-शोरूम कीमत 1,27,650 रुपये रखी गई है। यानी बड़ी बैटरी और ज्यादा रेंज के लिए ग्राहकों को पुराने डीएक्स प्लस की तुलना में अतिरिक्त कीमत चुकानी होगी।
कंपनी ने डीएक्स और डीएक्स प्लस को भारतीय बाजार में पेश करने के बाद विदेशों में विस्तार की तैयारी भी शुरू कर दी है। काइनेटिक डीएक्स को करीब सात देशों में निर्यात करने की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है और भारत में बने स्कूटर को इन बाजारों में भेजने की योजना है।











