रायगढ़

सफाई मित्र सुरक्षा शिविर में 350 से ज्यादा सफाई कामगारों एवं स्वच्छता दीदियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

150 से अधिक लोगों के हुए लैब टेस्ट, डॉक्टरों ने स्वास्थ्य के साथ दिनचर्या एवं डाइट प्लान की भी दी सलाह
रायगढ़। नगर पालिक निगम रायगढ़ द्वारा सफाई कामगारों एवं स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य की देखभाल एवं उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज सेवा ही संकल्प अभियान के तहत सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का आयोजन पंजरी प्लांट स्थित ऑडिटोरियम में किया गया। शिविर में 4 मेडिकल मोबाइल यूनिट (एमएमयू ) के माध्यम से सफाई कामगारों एवं स्वच्छता दीदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। दिनभर चले स्वास्थ्य शिविर में 350 से अधिक सफाई कामगारों एवं स्वच्छता दीदियों ने स्वास्थ्य जांच कराई, वहीं इनमें से 150 से अधिक लोगों के आवश्यक लैब टेस्ट भी किए गए।
शिविर में पहुंचे सफाई कामगारों एवं स्वच्छता दीदियों का चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली गई। जांच के दौरान अधिकांश लोगों में वायरल इंफेक्शन से संबंधित लक्षण जैसे बुखार, सर्दी-खांसी तथा हाथ-पैर में दर्द जैसी सामान्य स्वास्थ्य समस्याएं सामने आईं। मेडिकल मोबाइल यूनिट में मौजूद डॉक्टरों द्वारा जांच के बाद आवश्यकतानुसार उन्हें निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। दवाइयां संबंधित व्यक्ति की स्वास्थ्य समस्या एवं डॉक्टर के परामर्श के अनुसार दी गईं।
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान चिकित्सकों ने केवल दवाइयां ही नहीं दीं, बल्कि सफाई कामगारों एवं स्वच्छता दीदियों को दैनिक दिनचर्या, खान-पान, पर्याप्त आराम, पानी के सेवन तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के संबंध में भी आवश्यक परामर्श दिए। डॉक्टरों ने मौसम में होने वाले बदलाव के दौरान वायरल संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की समझाइश दी।
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि सफाई कामगार एवं स्वच्छता दीदियां शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। वे प्रतिदिन शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हैं। उनके स्वास्थ्य की देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है।


सभापति डिग्रीलाल साहू ने कहा कि सफाई मित्र प्रतिदिन शहर की स्वच्छता के लिए महत्वपूर्ण कार्य करते हैं और कई बार प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच और समय पर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है।
कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि सफाई कामगारों एवं स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य की देखभाल नगर निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र सुरक्षा शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान के साथ आवश्यक उपचार, दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने सफाई मित्रों से अपने स्वास्थ्य को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराते रहने की अपील की ।
शिविर में मेडिकल मोबाइल यूनिट की टीमों द्वारा व्यवस्थित तरीके से पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं लैब जांच की प्रक्रिया पूरी की गई। स्वास्थ्य जांच के दौरान जिन लोगों को अतिरिक्त चिकित्सकीय परामर्श अथवा जांच की आवश्यकता थी, उन्हें डॉक्टरों द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button