Raigarh Theft Case : चोरों का आतंक, तीन दुकानों का टूटा ताला, कैश और डीवीआर ले गए चोर

Raigarh News : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में देर रात हुए (Raigarh Theft Case) ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। अज्ञात चोरों ने एक साथ तीन दुकानों को निशाना बनाया और कैश के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक्स और सीसीटीवी का डीवीआर तक चोरी कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की देर रात अशर्फी देवी अस्पताल रोड पर स्थित देवसर इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में चोर ऊपर के रास्ते से भीतर घुसे। वहां से गल्ले में रखे लगभग 10–15 हजार रुपये कैश पार कर दिए और दुकान में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी उठा ले गए। इसके बाद चोर मित्तल मेडिकल पहुंचे, लेकिन यह दुकान लंबे समय से बंद होने के कारण उन्हें कुछ हाथ नहीं लगा।

इसी क्रम में चोर पास की ऑल इज वेल मेडिकल दुकान में भी ऊपर का दरवाजा तोड़कर भीतर दाखिल हुए और वहां रखे गल्ले से लगभग 1 लाख रुपये से अधिक की राशि ले उड़े। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि घटना के दौरान दो आरोपी दुकान के बाहर खड़े थे और दो अन्य चोर भीतर चोरी कर रहे थे। (Raigarh Theft Case) की यह वारदात सुनियोजित प्रतीत हो रही है।

सुबह जब मेडिकल दुकान संचालक दुकान खोलने पहुंचे, तो सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद तीनों दुकानों में हुई चोरी का खुलासा हुआ और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस, साइबर सेल, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस डॉग रेलवे स्टेशन की ओर दौड़ा, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

इस मामले में सिटी कोतवाली प्रभारी सुखनंदन पटेल ने बताया कि अशर्फी देवी अस्पताल रोड पर चोरी की यह घटना घटी है। तीन दुकानों के संचालक थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करा रहे हैं। चोरी की कुल रकम का आकलन रिपोर्ट के बाद होगा। फिलहाल पुलिस (Raigarh Theft Case) की हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

Back to top button