Traffic Rules :-रायगढ़ यातायात पुलिस ने कांटाहरदी स्कूल के बच्चों को दी ट्रैफिक नियमों की जानकारी

राजधानी टाइम्स छत्तीसगढ़ :-सार्वजनिक स्थानों पर बैनर, पोस्टर लगाकर ट्रैफिक पुलिस ने किया जनजागरूकता

रायगढ़, 14 अक्टूबर 2025 । पुलिस अधीक्षक  दिव्यांग पटेल के दिशा निर्देशन एवं डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह के मार्गदर्शन पर आज यातायात पुलिस रायगढ़ द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांटाहरदी में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधान आरक्षक मुकेश चौहान द्वारा छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों को सुरक्षित यातायात नियमों की जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सड़क पर चलते समय न केवल अपनी बल्कि दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए।

छात्रों को समझाइश दी गई कि वाहन चलाने से पूर्व वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करें, वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, सड़क पार करते समय दाएं-बाएं देखकर ही पार करें, तेज गति से वाहन न चलाएं, तीन सवारी चलाने से बचें, तथा शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालक के वाहन में कभी सवार न हों। बच्चों से यह भी कहा गया कि वे इन नियमों की जानकारी अपने पालकों को भी दें ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

साथ ही यातायात पुलिस दल द्वारा ग्राम कांटाहरदी में भ्रमण कर ग्राम पंचायत भवन एवं सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस मुख्यालय लीड एजेंसी द्वारा सड़क सुरक्षा संबंधी प्रदाय किए गए बैनर और पोस्टर चस्पा किए गए। ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। यह जनजागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Back to top button