
दिल और फेफड़े से चिपकी थी कैंसर की गांठ, डॉक्टरों ने 4 घंटे तक जूझकर बचाई 60 वर्षीय मरीज की जान
छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल कैंसर सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। यहां 60 वर्षीय मरीज की छाती में मौजूद कैंसर की गांठ हृदय की प्रमुख रक्त वाहिकाओं, बाएं फेफड़े और हृदय की बाहरी झिल्ली से चिपकी हुई थी। ऐसी स्थिति में ऑपरेशन करना बेहद चुनौतीपूर्ण था। जरा सी चूक मरीज के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी।
यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ में 1703 पदों पर निकली भर्ती, आवेदन शुरू, जानें योग्यता और परीक्षा की तारीख
इसके बावजूद कैंसर सर्जरी और हार्ट, चेस्ट एंड वैस्कुलर सर्जरी विभाग की संयुक्त टीम ने करीब चार घंटे तक ऑपरेशन कर पूरी गांठ निकाल दी। सर्जरी के बाद मरीज की हालत स्थिर रही और उसे अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई। इस मामले में खास बात यह है कि मरीज पहले ही एक निजी अस्पताल में बायोप्सी, कीमोथेरेपी और रेडिएशन थेरेपी करवा चुका था। इसके बावजूद छाती में दर्द और भारीपन की शिकायत बनी हुई थी। मेकाहारा पहुंचने के बाद जांच में कैंसर की गांठ की गंभीर स्थिति का पता चला।
यह भी पढ़ें : छुट्टियों को लेकर बड़ा बदलाव! अब इस तारीख को रहेगा स्थानीय अवकाश
हृदय की प्रमुख नसों से चिपकी थी कैंसर की गांठ
कैंसर सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. आशुतोष गुप्ता के अनुसार, रायपुर निवासी 60 वर्षीय मरीज छाती में दर्द और भारीपन की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचा था। इससे पहले निजी अस्पताल में कराई गई बायोप्सी में इनवेसिव थाइमोमा (Invasive Thymoma) की पुष्टि हुई थी। मरीज की स्थिति का विस्तृत आकलन करने के लिए छाती का कॉन्ट्रास्ट सीटी स्कैन कराया गया।

जांच में छाती के अगले हिस्से यानी एंटीरियर मीडियास्टिनम (Anterior Mediastinum) में लगभग 5 × 4.3 × 2.5 सेंटीमीटर आकार की कैंसरयुक्त गांठ मिली। यह गांठ महाधमनी (Aorta) और पल्मोनरी आर्टरी (Pulmonary Artery) जैसी हृदय की प्रमुख रक्त वाहिकाओं के बेहद करीब थी और उनसे चिपकी हुई थी। इसके अलावा गांठ का जुड़ाव बाएं फेफड़े और हृदय की बाहरी झिल्ली से भी था। यही वजह थी कि सामान्य सर्जरी के बजाय विशेषज्ञ डॉक्टरों की संयुक्त टीम की जरूरत पड़ी।
यह भी पढ़ें : आखिरकार टूटा सब्र का बांध! स्टार तेज गेंदबाज शमी ने कर दिया क्रिकेट से संन्यास का ऐलान
मिलकर तैयार की ऑपरेशन की रणनीति
मामले की जटिलता को देखते हुए कैंसर सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. आशुतोष गुप्ता ने हार्ट, चेस्ट एंड वैस्कुलर सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. के. के. साहू से परामर्श किया। दोनों विभागों के विशेषज्ञों ने मरीज की जांच रिपोर्ट और गांठ की स्थिति का आकलन करने के बाद संयुक्त रूप से ऑपरेशन करने का निर्णय लिया।
सर्जरी के दौरान छाती के मध्य हिस्से में चीरा लगाकर मीडियन स्टर्नोटॉमी (Median Sternotomy) तकनीक से गांठ तक पहुंच बनाई गई। ऑपरेशन के दौरान लगभग 5 × 4 सेंटीमीटर आकार की गांठ एसेन्डिंग एओर्टा (Ascending Aorta), पल्मोनरी आर्टरी, बाएं फेफड़े और पेरीकार्डियम (Pericardium) से चिपकी हुई मिली।
यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ के 76 हजार परिवारों के लिए बड़ी खुशखबरी! केंद्र ने दी नए पक्के मकानों को मंजूरी
गांठ के साथ निकालना पड़ा फेफड़े का हिस्सा
हृदय की प्रमुख रक्त वाहिकाओं से गांठ के चिपके होने के कारण सर्जरी बेहद संवेदनशील थी। डॉक्टरों ने सावधानीपूर्वक गांठ को आसपास की संरचनाओं से अलग किया। इसे निकालने के लिए हृदय की बाहरी झिल्ली के एक हिस्से और बाएं फेफड़े के कुछ हिस्से को भी साथ में निकालना पड़ा।
करीब चार घंटे तक चले इस ऑपरेशन के दौरान मरीज को दो यूनिट रक्त चढ़ाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक, सर्जरी के दौरान कोई बड़ी समस्या नहीं आई और ऑपरेशन निर्धारित योजना के अनुसार सफलतापूर्वक पूरा हुआ। इसके बाद मरीज की स्थिति में सुधार हुआ और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
यह भी पढ़ें : मरीजों से वसूली से लेकर फर्जी मोबाइल नंबर तक का खेल! छत्तीसगढ़ के इस अस्पताल पर गिरी बड़ी गाज
अब सामान्य जीवन जी रहा मरीज
कैंसर सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. आशुतोष गुप्ता ने बताया कि केस की जटिलता और मरीज की उम्र को देखते हुए उसे लंबे समय तक नियमित फॉलोअप में रखा गया। अब मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य लोगों की तरह अपना जीवन जी रहा है।
इन डॉक्टरों की टीम ने संभाली जिम्मेदारी
इस जटिल ऑपरेशन में कैंसर सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. आशुतोष गुप्ता और हार्ट, चेस्ट एंड वैस्कुलर सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. के. के. साहू के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
टीम में डॉ. किशन सोनी, डॉ. गुंजन अग्रवाल, डॉ. सोनम, डॉ. समृद्ध, डॉ. लावण्या, डॉ. आशीष मालव, डॉ. गौरव और डॉ. अक्षय शामिल रहे। वहीं ऑपरेशन के दौरान निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. संकल्प ने भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।
यह भी पढ़ें : ब्लू आफ-शोल्डर गाउन में मोनालिसा ने ढाया कहर, ग्लैमरस अंदाज देख फैंस हुए कायल