दिवाली पर कारोबारी ने खोला खजाना! 20 कर्मचारियों को बांटे 1-1 लाख रुपये से ज्यादा, नोटों की गड्डियां देख हुए भावुक

एक कपड़ा कारोबारी ने दिवाली पर अपने 20 कर्मचारियों को एक-एक लाख रुपये से ज्यादा कैश बोनस देकर सबको चौंका दिया। नोटों की गड्डियों से सजी प्लेट देखकर कर्मचारी हैरान रह गए। बोनस लेते समय एक महिला कर्मचारी भावुक हो गई। कारोबारी ने अपनी पहल के पीछे बचपन की गरीबी और कर्मचारियों को परिवार मानने की वजह बताई।

दिवाली पर कंपनियां आमतौर पर अपने कर्मचारियों को मिठाई, कपड़े या कुछ हजार रुपये बोनस देती हैं। लेकिन एक कपड़ा कारोबारी ने अपने कर्मचारियों को ऐसा तोहफा दिया कि हर कोई हैरान रह गया। कारोबारी ने अपने 20 कर्मचारियों को एक-एक लाख रुपये से ज्यादा कैश बोनस दिया। नोटों की गड्डियों से सजी प्लेट और बोनस लेते समय भावुक होते कर्मचारियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यह भी पढ़ें : मुंबई इंडियंस से हार्दिक पंड्या की हुई विदाई! अब इस टीम के लिए खेलेंगे, अर्शदीप सिंह की MI में एंट्री

 

नोटों से सजी प्लेट

गुजरात के सूरत में टेक्सटाइल का कारोबार करने वाले रामस्वरूप मुंडे ने दिवाली पर अपने कर्मचारियों के लिए खास इंतजाम किया था। उन्होंने 20 कर्मचारियों को एक-एक लाख रुपये से ज्यादा का नकद बोनस दिया। इसके लिए 10, 20, 50, 100, 200 और 500 रुपये के नोटों की गड्डियां तैयार कर उन्हें चांदी जैसी दिखने वाली प्लेट में सजाया गया था।

जब कर्मचारियों को बोनस दिया गया तो प्लेट में रखी नोटों की गड्डियां देखकर वे हैरान रह गए। कुछ कर्मचारियों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई, वहीं एक महिला कर्मचारी पैसे लेते समय भावुक हो गई। उसकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। इस दौरान कारोबारी के परिवार के सदस्य भी मौजूद थे।

 

यह भी पढ़ें : दिवाली पर सिर्फ 70 मिनट के लिए खुलेगा शेयर बाजार, जान लें कब होगी खरीदारी और कब बजेगी क्लोजिंग बेल

 

गरीबी ने सिखाया दर्द

रामस्वरूप मुंडे ने बताया कि कर्मचारियों को इतना बड़ा दिवाली बोनस (Diwali Cash Bonus) देने के पीछे उनकी अपनी जिंदगी का अनुभव है। उनका बचपन गरीबी में बीता है। इसलिए वे समझते हैं कि त्योहार के समय परिवार की जरूरतें पूरी करना कई लोगों के लिए कितना मुश्किल होता है।

उन्होंने कहा कि उनके कर्मचारी सिर्फ दुकान पर काम करने वाले लोग नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा हैं। कारोबार को आगे बढ़ाने में पूरे साल उनकी मेहनत और लगन का बड़ा योगदान रहता है। इसी वजह से वह चाहते थे कि दिवाली पर हर कर्मचारी के पास इतने पैसे हों कि वह अपने परिवार के लिए त्योहार की खरीदारी कर सके।

 

यह भी पढ़ें :  पेट्रोल छोड़िए, बिजली से चलाइए! सालभर में स्कूटर का खर्च 1,564 रुपये, लांच हुआ दमदार इलेक्ट्रिक स्कूटर

 

मेहनत का मिला सम्मान

कारोबारी के मुताबिक, उनके लिए यह रकम खर्च करने से ज्यादा कर्मचारियों की खुशी का सवाल था। वह चाहते थे कि सभी कर्मचारी अपने परिवार के साथ दिवाली अच्छे से मना सकें। कर्मचारियों को एक-एक लाख रुपये से ज्यादा का बोनस देने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब साझा किया जा रहा है। लोग इस पहल पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ में 1703 पदों पर निकली भर्ती, आवेदन शुरू, जानें योग्यता और परीक्षा की तारीख

 

 

Back to top button