Raigarh Share Market Fraud शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर ग्रामीण महिलाओं से 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की ठगी करने के मामले में रायगढ़ पुलिस ने मेनका सारथी पति अक्षय सारथी (37), निवासी ग्राम बरतुंगा, थाना डभरा, जिला सक्ती को गिरफ्तार किया है।
साइबर थाना पुलिस ने सक्ती के ग्राम बरतुंगा में दबिश देकर उसे पकड़ा। मामले में मेनका के पति अक्षय सारथी और मां मीरा सोनवानी की भूमिका भी सामने आई है। दोनों की गिरफ्तारी अभी शेष है। अन्य लोगों की संलिप्तता के संबंध में भी पुलिस को साक्ष्य मिले हैं और जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम जतरी निवासी हारा बाई निषाद (36) सहित अन्य महिलाओं ने शिकायत में बताया कि मेनका सारथी जब भी अपने मायके आती थी तो महिलाओं को बताती थी कि वह और उसका पति शेयर मार्केट में निवेश कर अच्छा-खासा मुनाफा कमा रहे हैं।
इसके बाद उसने महिलाओं को विश्वास में लेकर कहा कि उसके बताए अनुसार शेयर मार्केट में पैसा लगाने पर कम समय में मोटा मुनाफा मिलेगा और रकम दोगुनी हो जाएगी। उसने महिलाओं को यह भरोसा भी दिलाया कि यदि शेयर मार्केट से रकम दोगुनी नहीं हुई तो वह और उसका पति अपनी गारंटी पर दोगुनी रकम वापस करेंगे।
यह भी पढ़ें : BCC Cup Kondpali Tournament : आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर बोड़ाझरिया ने जीता फाइनल
Raigarh Share Market Fraud 70.77 लाख रुपये निवेश के नाम पर लिए
आरोपी महिला के झांसे में आकर ग्राम जतरी की कई महिलाओं ने उसे रकम देना शुरू कर दिया। छह अप्रैल 2025 से 24 अक्टूबर 2025 के बीच नगद और ऑनलाइन माध्यम से राशि प्राप्त की गई। शिकायत के अनुसार हारा बाई निषाद से 17 लाख 53 हजार रुपये, आरती सिदार से तीन लाख रुपये, अनिता निषाद से 17 लाख 24 हजार रुपये, दुजकुंवर यादव से पांच लाख रुपये, सुशीला निषाद से एक लाख 80 हजार रुपये, मोहनमती सिदार से तीन लाख 30 हजार रुपये, मुन्नी बाई सारथी से तीन लाख 40 हजार रुपये, पुष्पा सिदार से नौ लाख रुपये, फुलबाई यादव से तीन लाख रुपये और विष्णु प्रिया निषाद से सात लाख 50 हजार रुपये लिए गए। अन्य महिलाओं से मिली रकम को मिलाकर कुल 70 लाख 77 हजार 901 रुपये (Raigarh Share Market Fraud) निवेश के नाम पर प्राप्त किए गए।
यह भी पढ़ें : Kawardha Leopard Rescue : अस्पताल परिसर में पांच घंटे गुर्राता रहा तेंदुआ, महिला को किया घायल
शुरुआत में कुछ निवेशकों को दिया मुनाफा
पुलिस के मुताबिक शुरुआत में मेनका ने कुछ निवेशकों को मुनाफे की रकम देकर उनका विश्वास जीता। इसके बाद लंबे समय तक महिलाओं को न तो निवेश से कोई मुनाफा मिला और न ही उनकी मूल रकम वापस की गई। जब पीड़ित महिलाओं ने रकम वापस मांगनी शुरू की तो उन्हें पता चला कि उनके द्वारा दी गई राशि शेयर मार्केट में निवेश करने के बजाय आरोपितों द्वारा निजी उपयोग में ली गई है।
आरोप है कि रकम लौटाने से इनकार करने के साथ शिकायत करने पर महिलाओं को जेल भिजवाने की धमकी भी दी गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुछ पीड़ित महिलाओं ने दूसरे बैंकों से लोन लेकर आरोपी महिला को रकम दी थी। अब वे खुद उस लोन की किस्तें चुका रही हैं।
यह भी पढ़ें : Chhattisgarh Police Transfer : पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, CM सुरक्षा और जिलों में बदलाव
तीन बैंक खातों में मिले लाखों के लेनदेन
विवेचना के दौरान साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित महिलाओं के बैंक खातों के साथ आरोपियों के बैंक खातों की भी विस्तृत जानकारी जुटाई। जांच में आरोपी महिला के तीन अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये के लेनदेन का पता चला। बैंक ट्रांजेक्शन, पीड़ितों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जिला सक्ती के ग्राम बरतुंगा में दबिश दी।
पुलिस टीम ने मेनका सारथी को हिरासत में लेकर रायगढ़ लाया। पूछताछ और बैंक लेनदेन से सामने आए ठगी के तरीके (Raigarh Share Market Fraud) के आधार पर पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ीं।
यह भी पढ़ें : Elephant Herd Attack : नन्हे शावक की मौत से तड़पा झुंड, मां की ममता के बीच रातभर हाथियों का उत्पात, देखें वीडियो
पुरुष मित्र के साथ बनाई थी ठगी की योजना
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसने अपने एक पुरुष मित्र के साथ मिलकर लोगों को शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने की योजना बनाई थी। इसके बाद उसने अपने पति अक्षय सारथी और मां मीरा सोनवानी को भी इस काम में शामिल किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी का पति महिलाओं को शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा मिलने का लालच देने के साथ पीड़ितों द्वारा किए जा रहे रकम के ट्रांजेक्शन की जानकारी रखता था। वहीं आरोपी की मां मीरा सोनवानी गांव की महिलाओं को अपनी बेटी के माध्यम से शेयर मार्केट में पैसा लगाने के लिए प्रेरित करती थी। वह रकम नगद लेने और बैंक खातों में जमा कराने में भी सहयोग करती थी।
यह भी पढ़ें : Mrunal Thakur Latest Look : चाकलेट ब्राउन ड्रेस में मृणाल ठाकुर का ग्लैमरस अंदाज
रकम को अलग-अलग लोगों के बीच रोटेशन में चलाया
पूछताछ में आरोपी महिला ने यह भी बताया कि ग्रामीण महिलाओं से प्राप्त रकम को अलग-अलग लोगों के बीच रोटेशन में चलाया जा रहा था। कुछ समय तक मुनाफे और मूलधन की राशि लौटाई गई, लेकिन बाद में रकम लौटाना बंद कर दिया गया। इसके बाद महिलाओं ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की।
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से लेनदेन में प्रयुक्त मोबाइल फोन, तीन बैंक खाते और एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। मामले में आरोपी के पति अक्षय सारथी और मां मीरा सोनवानी की गिरफ्तारी शेष है। साथ ही पुलिस को अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता के भी साक्ष्य मिले हैं। इस संबंध में आगे की जांच जारी है और ठगी के पूरे नेटवर्क (Raigarh Share Market Fraud) की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।











