Raigarh ACB Action छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एंटी करप्शन ब्यूरो (Raigarh ACB Action) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कलेक्ट्रेट की राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा के बाबू राजकुमार सिदार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सर्पदंश से मृत महिला के परिजन को मुआवजा राशि बैंक खाते में जारी कराने के बदले रिश्वत मांग रहा था। एसीबी ने आरोपी को हस्ताक्षर किए हुए चेक के साथ दबोच लिया।
मुआवजा दिलाने के बदले मांगी थी रिश्वत Raigarh ACB Action
पुसौर तहसील के ग्राम बुलाकी निवासी विजय सिदार ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2023 में उसकी पत्नी रामकुमारी की सर्पदंश से मौत हो गई थी। शासन से मिलने वाली मुआवजा राशि के लिए आवेदन करने के बाद मामला कलेक्ट्रेट में लंबित था।
आरोप है कि राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू राजकुमार सिदार ने मुआवजा राशि बैंक खाते में जारी कराने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। साथ ही भुगतान मिलने के बाद भी अतिरिक्त राशि देने की बात कही।
हस्ताक्षर वाला चेक लेते ही दबोचा Raigarh ACB Action
शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने मंगलवार को जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी बाबू को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये का हस्ताक्षर किया हुआ चेक लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
पीसी एक्ट के तहत केस दर्ज
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार रिश्वत की रकम की गारंटी के लिए हस्ताक्षरित चेक लेकर रिश्वत मांगने और उसी दौरान गिरफ्तारी का यह अपने तरह का पहला मामला है।











