Illegal Liquor Bhawanipur : भवानीपुर क्षेत्र में अवैध शराब का साम्राज्य, आबकारी विभाग की खामोशी से ग्रामीणों में आक्रोश

Illegal Liquor Bhawanipur : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी विकासखंड अंतर्गत भवानीपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में अवैध शराब बिक्री का धंधा तेजी से फैलता जा रहा है, वहीं आबकारी विभाग की खामोशी ने ग्रामीणों में असंतोष को जन्म दे दिया है। भरुवाडीह, बिजराडीह, गिधपुरी, जुनवानी, वटगन, तेलासी जैसे गांवों में देशी-विदेशी शराब और महुआ शराब खुलेआम बिक रही है।

चौंकाने वाली बात यह है कि नशे की यह लत अब केवल युवाओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि छोटे-छोटे बच्चे और बुजुर्ग भी इसकी चपेट में आते जा रहे हैं। गांवों में बिना रोकटोक शराब बेची जा रही है, जिससे सामाजिक माहौल बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार आबकारी विभाग को शिकायतें दीं, पर हर बार केवल दो-तीन दिन की औपचारिक कार्रवाई होती है। कार्रवाई के तुरंत बाद फिर से शराब बिक्री शुरू हो जाती है, जिससे साफ जाहिर होता है कि विभागीय ढिलाई या मिलीभगत का मामला है। शाम ढलते ही युवा सड़कों किनारे, खेतों और सार्वजनिक स्थानों पर बैठकर शराब व अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि अब कोई टोके तो विवाद और हिंसा तक की नौबत आ जाती है।

कालेज के पास भी शराबियों का जमावड़ा Illegal Liquor Bhawanipur

वटगन कॉलेज के आसपास भी शराबियों की उपस्थिति से छात्र-छात्राओं में असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीण अभिभावकों का कहना है कि उनके बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर इसका बुरा असर पड़ रहा है और पारिवारिक विवाद भी बढ़ते जा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों द्वारा दी गई सूचनाएं भी समय रहते आरोपियों तक पहुंच जाती हैं, जिससे गांवों में तनाव की स्थिति बन जाती है। यह पूरी व्यवस्था सवालों के घेरे में है कि आखिर क्यों जिम्मेदार अधिकारी इस मुद्दे पर आँखें मूंदे हुए हैं?

 

ये भी पढ़े : Kukdur Accident News : कुकदूर के पास खाई में गिरी बोरिंग मशीन वाली गाड़ी, 3 की मौत, 6 गंभीर घायल

 

 

Back to top button