
राजधानी टाइम्स छत्तीसगढ़ RAIGARH NMLTALAIPALLI परियोजना प्रमुख अरुण कुमार सक्सेना ने फहराया तिरंगा, सीआईएसएफ जवानों ने दी गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी
रायगढ़, 15 अगस्त 2026। तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना परिसर में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, उत्साह और गौरव से परिपूर्ण भव्य समारोह का आयोजन किया गया। सुबह जब तिरंगा लहराया तो पूरा परिसर “भारत माता की जय” के उद्घोष से गूंज उठा। मुख्य समारोह की शुरुआत परियोजना प्रमुख अरुण कुमार सक्सेना द्वारा ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसमें उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने पूरे सम्मान के साथ भागीदारी की। इस दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने अनुशासित परेड और गरिमापूर्ण गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत कर समारोह कीशोभा बढ़ाई।
अपने संबोधन में अरुण कुमार सक्सेना ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भारत की विकास यात्रा को रेखांकित किया और राष्ट्र निर्माण में एनएमएल की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में एनएमएल तलईपल्ली ने 1.1 करोड़ मीट्रिक टन से अधिक कोयला उत्पादन एवं प्रेषण का महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल किया है, जो पूरी टीम की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने व्हार्फवॉल-III से पहली कोयला रेक के सफल प्रेषण को भी परियोजना की एक बड़ी परिचालन उपलब्धि बताते हुए इसे भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम करार दिया।

सक्सेना ने कर्मचारियों एवं सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि परियोजना की यह उपलब्धि सामूहिक श्रम और सहयोग की मिसाल है। उन्होंने आगामी वर्ष के लिए सुरक्षा, दक्षता और परिचालन उत्कृष्टता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए सभी से अनुशासन एवं समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि परियोजना निरंतर नई ऊंचाइयों को छूती रहे। समारोह में उत्कृष्ट योगदान के लिए कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पावर एक्सल अवार्ड, बिजनेस यूनिट हेड स्पेशल मेरिट अवार्ड एवं हेल्थ चैंपियन अवार्ड प्रदान कर कर्मचारियों के परिश्रम और निष्ठा को सराहा गया, जिससे समारोह में उपस्थित सभी लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई। पुरस्कार समारोह के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा और यह क्षण सभी कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायी बन गया। समारोह का सबसे मनमोहक पल तब आया जब बाल भवन एवं डीएवी पब्लिक स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्होंने समारोह में देशभक्ति का रंग भर दिया और उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।











