Anti-narcotics operation, Lailunga Police लैलूंगा पुलिस की बड़ी सफलता, ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही 26.484 किलो गांजा की खेप आई10 कार समेत जब्त

राजधानी टाइम्स छत्तीसगढ़ 24 जुलाई, रायगढ़ । एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत  anti-narcotics operation, Lailunga Police थाना लैलूंगा पुलिस ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश गांजा की बड़ी खेप ले जा रहे एक अंतर्राज्यीय तस्कर को घेराबंदी कर गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 26.484 किलोग्राम गांजा एवं तस्करी में प्रयुक्त आई10 कार जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार ओडिशा सीमा से गांजा तस्करी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को दिए गए हैं। इसी क्रम में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सफेद रंग की आई10 कार क्रमांक OD-15-P-1800 में ओडिशा से अवैध गांजा लेकर लैलूंगा-पत्थलगांव मार्ग से उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तत्काल टीम गठित कर संभावित मार्ग पर नाकाबंदी कराई। उप निरीक्षक चंद्रकुमार सिंगार के नेतृत्व में कटकलिया-फोकटपारा तिराहा के पास घेराबंदी की गई।

नाकाबंदी के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए की कार आते दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता से घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अर्जुन उपाध्याय (24 वर्ष), निवासी कैथापुर, थाना राजा तालाब, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) बताया तथा ओडिशा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश ले जाने की बात स्वीकार की।

13.24 लाख का गांजा, 3 लाख की कार सहित कुल 16.24 लाख की संपत्ति जब्त

एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए वाहन की तलाशी लेने पर कार के भीतर 13 पैकेट खाकी रंग के प्लास्टिक टेप से सीलबंद गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराने पर कुल 26.484 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 13,24,200 रुपये आंकी गई। पुलिस ने गांजा के साथ परिवहन में प्रयुक्त आई10 कार जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये है, भी जब्त की। इस प्रकार आरोपी के कब्जे से कुल 16,24,200 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई।

आरोपी के विरुद्ध थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 238/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

Back to top button