छत्तीसगढ़बड़ी खबर

Accident news :-भूपदेवपुर में कोयला लोड ट्रेलर का कहर : सिंघनपुर रोड पर गर्भवती महिला को रौंदा, लाश के उड़े चिथड़े! गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

  1. Raigarh news:-रायगढ़। रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघनपुर में आज एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है। एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कोयला लोड ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे स्कूटी पर सवार 33 वर्षीय गर्भवती महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उमा राठिया के रूप में हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया है।
    इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उमा राठिया अपने पति और बच्चे के साथ स्कूटी पर सवार होकर जा रही थीं। इसी दौरान सिंघनपुर के पास कोयला लेकर जा रहे ट्रेलर क्रमांक CG-13-AD-2483 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उमा राठिया सीधे ट्रेलर के भारी-भरकम पहियों की जद में आ गईं और उनकी घटनास्थल

पर ही मौत हो गई।

हादसे में उनकी स्कूटी के भी परखच्चे उड़ गए हैं। स्कूटी पर सवार मृतका के पति और मासूम बच्चे को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रेलर चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही पर लगाम लगाने की मांग को लेकर सड़क को दोनों ओर से घेर लिया है। ग्रामीणों के उग्र प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और स्थिति तनावपूर्ण बनी है। हादसे और चक्काजाम की सूचना मिलते ही खरसिया एसडीओपी प्रभात पटेल और भूपदेवपुर थाना प्रभारी संजय नाग पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारी प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को शांत कराने और सड़क से जाम हटाने के लिए लगातार समझाइश दे रहे हैं, लेकिन ग्रामीण प्रशासन से ठोस आश्वासन की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस ने फरार ट्रेलर चालक की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल इलाके में भारी तनाव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button