Raigarh News :- कॉमर्स सर्कल कोचिंग की चक्रधर नगर शाखा का भव्य शुभारंभ, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

3 Min Read

राजधानी टाइम्स छत्तीसगढ़  12 जुलाई 2026 रायगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में एक नई एवं प्रेरणादायी पहल करते हुए रायगढ़ के प्रतिष्ठित कॉमर्स संस्थान कॉमर्स सर्कल की नई चक्रधर नगर शाखा का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर गत शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों का उत्सव भी मनाया गया।

उद्घाटन समारोह में शिक्षा जगत से जुड़े प्रतिष्ठित अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व प्राचार्य, म्यूनिसिपल स्कूल, सुश्री कल्याणी मुखर्जी थीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में हंसल एकेडमी के डायरेक्टर, पूर्व इंस्पेक्टर एवं पूर्व सीएमओ सुरेश साहू तथा वार्ड पार्षद केशव जायसवाल उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

अपने संबोधन में सुश्री कल्याणी मुखर्जी ने कहा कि वर्तमान समय में वाणिज्य शिक्षा युवाओं के करियर निर्माण का मजबूत आधार बन चुकी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कॉमर्स सर्कल जैसे समर्पित संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सही मार्गदर्शन प्रदान कर उनके भविष्य को नई दिशा देंगे। वहीं सुरेश साहू ने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर परिश्रम और एकाग्रता के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान समारोह रहा। अकाउंटेंसी, अर्थशास्त्र एवं बिजनेस स्टडीज़ विषयों में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस वर्ष कार्तिक श्रीवास्तव एवं प्रशांत दुबे ने 96% के साथ रायगढ़ कॉमर्स टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि कॉमर्स सर्कल लगातार तीसरे वर्ष रायगढ़ कॉमर्स टॉपर देने वाला संस्थान बना है। इसके अलावा शिवम अग्रवाल (94%), लेखा (93.80%), प्रिन्स (93%) एवं तपन (92.20%) ने अपने-अपने विद्यालयों में शीर्ष स्थान प्राप्त कर संस्थान और जिले का गौरव बढ़ाया। अन्य मेधावी विद्यार्थियों को भी उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कॉमर्स सर्कल के संचालक सीए उपेन्द्र साहू ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को परीक्षा में उच्च अंक दिलाना नहीं, बल्कि उनमें विषय की गहन समझ, तार्किक एवं विश्लेषणात्मक सोच तथा आत्मविश्वास का विकास करना है। उन्होंने बताया कि आधुनिक शिक्षण पद्धति, नियमित टेस्ट, व्यक्तिगत मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं एवं उच्च शिक्षा के लिए तैयार किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में शिवा सर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने कॉमर्स सर्कल की नई शाखा की सराहना करते हुए इसे रायगढ़ में गुणवत्तापूर्ण वाणिज्य शिक्षा को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।


Discover more from RAJDHANI TIMES

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Share This Article

Discover more from RAJDHANI TIMES

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading