Raigarh News तालाब में डूबने से 7 माह के हाथी शावक की मौत, वन विभाग में हड़कंप, मृत शावक को हाथियों के झुंड ने तालाब किनारे तक खींचकर रखा

राजधानी टाइम्स छत्तीसगढ़ ,रायगढ़ 29 अक्टूबर 2025। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वनमंडल में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहाँ छाल रेंज अंतर्गत बनहर सर्किल के औरानारा परिसर में तालाब के गहरे पानी में डूबने से लगभग सात माह के एक हाथी शावक की मौत हो गई। इस घटना से पूरे वन विभाग में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीती शाम हाथियों का एक झुंड औरानारा क्षेत्र के समीप विचरण कर रहा था। इसी दौरान, शावक पास के तालाब में पानी पीने और खेलने के लिए उतरा, लेकिन फिसलन भरे किनारे से आगे बढ़कर वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

बताया जा रहा है कि झुंड के अन्य वयस्क हाथियों ने शावक को बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। बताया जा रही कि यह दृश्य अत्यंत मार्मिक था। मृत शावक को हाथियों के झुंड ने तालाब किनारे तक खींचकर रखा।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने शावक के शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा सहित आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। विभाग द्वारा मौत के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Back to top button