Sanjay Park Incident : 15 हिरणों की मौत, डिप्टी रेंजर सहित 4 निलंबित

By admin
5 Min Read
Sanjay Park Incident

Abikapur News : सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर स्थित संजय पार्क (Sanjay Park Incident) में आवारा कुत्तों के हमले से हिरण प्रजाति के 15 वन्यजीवों की मौत हो गई। इस घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पार्क को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है, वहीं लापरवाही के आरोप में सीसीएफ दिलराज प्रभाकर ने डिप्टी रेंजर सहित चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। रेंजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वन्यजीवों के बाड़े को सैनिटाइज कराया जा रहा है ताकि अन्य वन्यजीवों को सुरक्षित रखा जा सके।

सरगुजा डीएफओ अभिषेक जोगावत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शनिवार को 14 वन्यजीवों की मौत हो गई थी, जबकि एक घायल हिरण ने रविवार को दम तोड़ दिया। इस तरह कुल 15 वन्यजीवों की जान चली गई। इस पूरे मामले (Sanjay Park Incident) में छह कोटरा, सात चीतल और दो चौसिंघा शामिल हैं।

कुत्ते पार्क परिसर में घुस आए

जानकारी के अनुसार शुक्रवार-शनिवार की रात संजय पार्क से लगे जंगल क्षेत्र से कुछ आवारा कुत्ते पार्क परिसर में घुस आए। सुरक्षा व्यवस्था में खामियों का फायदा उठाते हुए ये कुत्ते हिरणों के बाड़े तक पहुंच गए और वहां मौजूद वन्यजीवों पर हमला कर दिया। इस हमले (Sanjay Park Incident) में कई हिरण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से 14 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने बाद में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

शनिवार सुबह जब पार्क कर्मचारियों को घटना की जानकारी मिली तो विभाग में अफरा-तफरी मच गई। वन विभाग ने तत्काल पशु चिकित्सकों की टीम को बुलाकर मृत हिरणों का पोस्टमार्टम कराया और शवों का अंतिम संस्कार किया गया। एक घायल हिरण का इलाज जारी था, लेकिन रविवार को उसकी भी मौत हो गई। इस पूरी घटना (Sanjay Park Incident) ने पार्क की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कुत्तों के भय से मर गए हिरण

डीएफओ जोगावत के अनुसार प्रथम दृष्टया हिरणों की मौत का कारण ‘कार्डियक अरेस्ट’ माना जा रहा है, जो हमले के दौरान अत्यधिक भय और चोट के कारण हुआ। मामले की जांच के लिए एसडीओ फॉरेस्ट के नेतृत्व में टीम गठित की गई है, जिसे 24 घंटे में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

चार सस्पेंड, एक को नोटिस

घटना के समय पार्क में कोई भी सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था, जिसे गंभीर लापरवाही माना गया है। डीएफओ की रिपोर्ट के आधार पर सीसीएफ दिलराज प्रभाकर ने संजय पार्क प्रभारी डिप्टी रेंजर अशोक सिन्हा, वनपाल ममता परते, प्रतिमा लकड़ा और बिंदु सिंह को निलंबित कर दिया है। वहीं अंबिकापुर रेंजर अक्षपलक ऋषि को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस कार्रवाई (Sanjay Park Incident) के बाद विभाग में सख्ती बढ़ा दी गई है।

Sanjay Park Incident पार्क में 31 हिरण थे

संजय पार्क में वर्तमान में कुल 31 हिरण थे, जिनमें से 15 की मौत हो चुकी है और अब 16 हिरण शेष हैं। पूरे परिसर को सैनिटाइज किया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना (Sanjay Park Incident) दोबारा न हो।

गौरतलब है कि संजय पार्क एक रेस्क्यू सेंटर के रूप में संचालित होता है, जहां घायल और बीमार वन्यजीवों का उपचार किया जाता है। लेकिन लंबे समय से सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की शिकायतें मिल रही थीं। पार्क के पीछे का इलाका पूरी तरह असुरक्षित बताया जा रहा है, जहां पास में मटन, मुर्गा और मछली बाजार होने के कारण कुत्तों की आवाजाही ज्यादा रहती है। यही कुत्ते झुंड बनाकर पार्क में घुस आए और इस बड़ी घटना (Sanjay Park Incident) को अंजाम दिया।

 

 


Discover more from RAJDHANI TIMES

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Share This Article

Discover more from RAJDHANI TIMES

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading