Korba News : कोरबा जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे (Korba Road Accident) ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ा दी। निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर एक कार खाई में गिरकर तीन बार पलट गई, जिसमें युवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनएसयूआइ के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय गुरुवार रात अपनी कार से बालको में आयोजित एक परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे। उनके साथ जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष भोला साहू और राहुल नामक युवक भी वाहन में सवार थे।
चारों गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे उरगा पहुंचे। कोरबा शहर में प्रवेश के दौरान निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर दिशा स्पष्ट न होने के कारण वाहन चालक रास्ता भटक गया। इसी दौरान कार खाईनुमा अधूरी लेन में उतर गई और अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। यह दर्दनाक दुर्घटना (Korba Road Accident) इतनी भयावह थी कि कार खाई में गिरने के बाद करीब तीन बार पलटी।
हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। वहीं भोला साहू और राहुल नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
पीछे से आ रहे दोस्तों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना देने के बजाय तत्काल घायलों को अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि इस सड़क हादसे (Korba Road Accident) में मृतकों के शवों को केजीएन अस्पताल में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निर्माणाधीन सड़क पर पर्याप्त संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारतमाला परियोजना के तहत बनाई जा रही सड़क पर कई जगह खाईनुमा लेन खुली हुई हैं। रात के समय पर्याप्त लाइटिंग और दिशा-सूचक बोर्ड नहीं होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी होती है। इससे पहले भी इस मार्ग पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं।
Korba Road Accident स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस हादसे (Korba Road Accident) के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय किए जाते, तो यह हादसा टाला जा सकता था।
राजनीतिक गलियारों में भी इस घटना को लेकर शोक की लहर है। युवा कांग्रेस नेता राहुल राय की असमय मौत को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। कई वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
Korba Road Accident पुलिस कर रही जांच
फिलहाल पुलिस दुर्घटना (Korba Road Accident) के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि वाहन की गति, सड़क की स्थिति और निर्माण एजेंसी की लापरवाही किस हद तक हादसे के लिए जिम्मेदार रही। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर निर्माणाधीन सड़कों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर करता है और प्रशासन के लिए एक गंभीर चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।

Discover more from RAJDHANI TIMES CG
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




